Doctor Suspended After Negligence in Crores-Worth CT Scan Machine Damage at Pauri Hospital
- करोड़ों की CT स्कैन मशीन बनी कबाड़ , लापरवाही पर स्वास्थ्य मंत्री uniyaal ने लिया एक्शन
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्रनगर। जनपद पौड़ी के जिला अस्पताल में करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित सीटी स्कैन मशीन के खराब होने और उसके रख-रखाव में गंभीर लापरवाही बरतने के मामले में राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। इस प्रकरण में तत्कालीन प्रमुख अधीक्षक डॉ. विजयेन्द्र भारद्वाज को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देश पर निलंबित कर दिया गया है।
उत्तराखण्ड शासन के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वर्ष 2022 से जिला चिकित्सालय पौड़ी में स्थापित सीटी स्कैन मशीन को बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुले में रखा गया था। लंबे समय तक उपेक्षा और संरक्षण के अभाव के कारण यह अत्याधुनिक मशीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गौरतलब है कि यह सीटी स्कैन मशीन आमजन को गंभीर बीमारियों के समय त्वरित और सटीक जांच सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित की गई थी। मशीन के खराब होने से क्षेत्रीय लोगों को न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित होना पड़ा, बल्कि सरकारी धन की भी भारी क्षति हुई है।
जांच में संबंधित अधिकारियों की घोर लापरवाही, उदासीनता और सरकारी संपत्ति के संरक्षण में विफलता स्पष्ट रूप से सामने आई है। इन तथ्यों के आधार पर शासन ने तत्कालीन प्रमुख अधीक्षक डॉ. विजयेन्द्र भारद्वाज को निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी है।
इस मामले पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत, जवाबदेह और पारदर्शी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या जनता के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध संसाधनों के समुचित रख-रखाव के निर्देश देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
