Gas Cylinder Delivery Irregularities Spark Public Anger in Dharchula
- उपभोक्ताओं ने बुकिंग में गड़बड़ी के लगाये आरोप
नदीम परवेज @धारचूला।
धारचूला क्षेत्र में गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि सिलेंडर बुकिंग के बाद उन्हें डिलीवरी के मैसेज तो मिल रहे हैं, लेकिन वास्तविक रूप से गैस सिलेंडर उनके घर तक पहुंच ही नहीं रहा है।

ग्रामीण क्षेत्र के प्रधान नर्मदा रावल और मनीष रावल सहित कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने तीन दिन पहले गैस बुकिंग कराई थी, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिला। इसके बावजूद मोबाइल पर डिलीवरी का मैसेज आ गया। जब उन्होंने गैस एजेंसी में संपर्क किया, तो पता चला कि मैसेज में दिया गया डिलीवरी (डीएसी) नंबर रिकॉर्ड में मौजूद ही नहीं है। इससे सिस्टम में गड़बड़ी या गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
वहीं स्थानीय व्यापारी जमशेद अहमद ने आरोप लगाया कि गैस वितरण में भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि लाइन में लगे आम उपभोक्ताओं को नजरअंदाज कर प्रभावशाली लोगों को प्राथमिकता देकर तुरंत सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
लोगों का कहना है कि 19 तारीख को बुक किए गए सिलेंडर अब तक नहीं मिले, जबकि बाद में बुकिंग कराने वालों को आसानी से सिलेंडर मिल रहा है। इससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। बढ़ती महंगाई के बीच गैस सिलेंडर की किल्लत और वितरण में अनियमितता ने आम जनता की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में खाद्यान्न निरीक्षक रेखा ने बताया कि विभाग स्वयं मामले की जांच कर रहा है और ऐसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिन पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
