LPG Supply Remains Stable in Tehri Garhwal, Adequate Stock Available
- प्रशासन सतर्क, उपभोक्ताओं से न घबराने की अपील
वाचस्पति रयाल@नरेन्द्र नगर, रा. वि.।
टिहरी गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के तहत जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी हुई है। प्रशासन, पूर्ति विभाग और गैस एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के चलते उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में गैस की उपलब्धता पर्याप्त है और वितरण नियमित रूप से किया जा रहा है। विगत दिवस गैस एजेंसियों को 1392 घरेलू एलपीजी सिलेंडर प्राप्त हुए, जबकि 2366 सिलेंडरों का सफलतापूर्वक वितरण उपभोक्ताओं तक किया गया। वितरण के बाद भी एजेंसियों के पास 3193 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, जो आपूर्ति की स्थिर स्थिति को दर्शाता है।
जनपद के दूरस्थ और शहरी क्षेत्रों, थाती डागर, जाखणी, कीर्तिनगर, देवप्रयाग, भल्डियाना, उप्पू, खांखर, सुनाराकोट और नौर सहित अन्य स्थानों पर भी नियमित रूप से गैस वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इससे यह स्पष्ट है कि प्रशासन अंतिम छोर तक आपूर्ति पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की बात करें तो जनपद को प्रतिदिन 212 सिलेंडरों का आवंटन मिल रहा है। निर्धारित मानकों के अनुसार एजेंसीवार और श्रेणीवार वितरण किया जा रहा है। हाल ही में 19 किलोग्राम श्रेणी के 77 सिलेंडर प्राप्त हुए, जबकि 105 सिलेंडरों का वितरण किया गया।
गैस आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) भी पूरी तरह सक्रिय है। अब तक गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में 414 निरीक्षण किए जा चुके हैं। इस दौरान 14 घरेलू गैस सिलेंडरों की जब्ती कर अनियमितताओं पर सख्ती दिखाई गई है।
जनपद मुख्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम में अब तक 85 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनका निरंतर निस्तारण किया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उपभोक्ता केवल अपनी जरूरत के अनुसार ही गैस बुकिंग करें और अनावश्यक भीड़ से बचें।
साथ ही जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे शीघ्र संबंधित एजेंसी से संपर्क कर प्रक्रिया पूर्ण करें। यदि किसी को गैस की कालाबाजारी, ओवररेटिंग या अवैध भंडारण की शिकायत हो, तो वे जिला कंट्रोल रूम के नंबर 01376-234793, 01376-233433 और 9456533332 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन की सख्ती और सतर्कता के बीच जनपद में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था न केवल स्थिर बनी हुई है, बल्कि पारदर्शिता के साथ संचालित हो रही है।
