CM Pushkar Singh Dhami Highlights 4 Years of Development in Uttarakhand
- उत्तराखंड का दशक बनाने का लिया संकल्प
- 2021 में बाबा केदारनाथ धाम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया था विजन
- प्रदेश की जनता ने मिथक तोड़कर जताया विश्वास
DEHARADUN@RASHTRY VICHAR। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के संकल्पों को आगे बढ़ाने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा, उन्होंने किा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस संकल्प को साकार करने की दिशा में हमारी सरकार लगातार काम कर रही है।
सोमवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित जन-जन की सरकार, धामी सरकार के चार साल बेमिसाल कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2021 में बाबा केदारनाथ धाम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो विजन देश और प्रदेश के सामने रखा था, वह केवल एक घोषणा नहीं, बल्कि उत्तराखंड के समग्र विकास का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने इसे अपना कर्तव्य मानते हुए हर क्षेत्र में तेज गति से कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारना है। प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और निवेश आकर्षित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक दृष्टि से देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे इस विकास यात्रा में सहभागी बनें और राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग दें। सीएम धामी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में उत्तराखंड देश का अग्रणी राज्य बना है। इसके अलावा दंगा विरोधी कानून और मदरसा बोर्ड से जुड़े फैसले प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से लिए गए हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और सरकार की चार साल की उपलब्धियों को साझा किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने एक बड़ी राजनीतिक परंपरा को तोड़ते हुए भाजपा को लगातार दूसरी बार सत्ता में लाकर अभूतपूर्व विश्वास जताया है। यह विश्वास सरकार के लिए प्रेरणा का स्रोत है, और इसी के चलते सरकार ने विकास के साथ-साथ कई कड़े और दूरगामी फैसले भी लिए हैं।
