Uttarakhand Government Meets ADB to Prioritize Skill Centers and Infrastructure Projects
- एडीबी के साथ बैठक में मुख्य सचिव के निर्देश
देहरादून@RashtriyVichar#। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में Asian Development Bank (एडीबी) और उत्तराखण्ड सरकार के निर्माण से जुड़े विभागों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीबी द्वारा प्रदेश में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई, साथ ही विभागों ने अपने प्रमुख प्रोजेक्ट्स का प्रस्तुतीकरण भी किया।
मुख्य सचिव ने एडीबी अधिकारियों से राज्य में कौशल विकास को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद में कम से कम एक मॉडल स्किल सेंटर स्थापित किया जाए, जहां युवाओं को प्रशिक्षण, सर्टिफिकेशन और 100 प्रतिशत प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए एक समग्र (होलिस्टिक) योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग से संबंधित पुल निर्माण और लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्रों के ट्रीटमेंट कार्यों को एडीबी से वित्तपोषित कराने के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा। साथ ही टिहरी झील रिंग रोड परियोजना को भी प्राथमिकता के आधार पर एडीबी से वित्तपोषित कराने की बात कही।
मुख्य सचिव ने उद्यान विभाग की योजनाओं को भी एडीबी के माध्यम से आगे बढ़ाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि Japan International Cooperation Agency से वित्तपोषित जिलों को छोड़कर अन्य जनपदों की परियोजनाओं को एडीबी के माध्यम से लिया जाए। इसके अलावा अर्बन मोबिलिटी, अर्बन प्लानिंग तथा ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड टाउनशिप डेवलपमेंट परियोजनाओं को भी एडीबी में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सभी विभागों को अपनी योजनाओं की प्राथमिकता तय कर चरणबद्ध तरीके से महत्वपूर्ण प्रस्ताव एडीबी को प्रस्तुत करने को कहा।
एडीबी की कंट्री डायरेक्टर Mio Oka ने उत्तराखण्ड में चल रही परियोजनाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए विभागों से नए प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
बैठक में प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, दिलीप जावलकर सहित एडीबी के अशोक श्रीवास्तव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य फैसले
- हर जिले में मॉडल स्किल सेंटर स्थापित करने की योजना
- युवाओं के लिए प्रशिक्षण, सर्टिफिकेशन और 100% प्लेसमेंट पर फोकस
- पुल निर्माण और लैंडस्लाइड ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट्स के लिए एडीबी फंडिंग प्रस्ताव
- टिहरी झील रिंग रोड परियोजना को प्राथमिकता
किन क्षेत्रों में मिलेगा फोकस
- कौशल विकास और रोजगार
- उद्यान और कृषि आधारित योजनाएं
- अर्बन मोबिलिटी और अर्बन प्लानिंग
