UKD Intensifies Agitation on Mool Niwas and Land Law, Lushun Todariya Appointed Head
देहरादून@रा.वि.। मूल निवास और भू कानून के मुद्दे पर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अब आक्रामक रणनीति अपनाते हुए आंदोलन को तेज करने का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने के लिए “मूल निवास भू कानून प्रकोष्ठ” का गठन किया है। यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने आंदोलन का चेहरा रहे युवा नेता लूशुन टोडरिया को इस प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय उपाध्यक्ष सुनील कोटनाला और मुख्य प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि यूकेडी हमेशा से मूल निवास और भू कानून के मुद्दे पर मुखर रही है। अब प्रकोष्ठ के गठन के जरिए इस लड़ाई को और धार दी जाएगी और प्रदेशभर में जनसमर्थन जुटाया जाएगा।
नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी अब इस मुद्दे पर “आर-पार” की रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी और युवाओं को नेतृत्व में शामिल कर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
नवनियुक्त अध्यक्ष लूशुन टोडरिया ने कहा कि यह समय आंदोलन को राजनीतिक रूप से मजबूती देने का है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए यह जरूरी है कि यह लड़ाई संगठित तरीके से यूकेडी के नेतृत्व में लड़ी जाए, ताकि राज्य के मूल निवास और जमीन के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
उन्होंने जल्द ही प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी का विस्तार कर प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाने की बात कही। प्रेस वार्ता में ओबीसी प्रकोष्ठ यूकेडी के केंद्रीय अध्यक्ष पंकज पैन्यूली,राकेश नेगी,महानगर युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जतिन चौहान, कार्यकारी अध्यक्ष पौड़ी दीप्ति दूदपुरी,कनिष्क जोशी,पंकज तिवारी आदि मौजूद रहे ।
