TOISA 2026 Lucknow: Top Indian Athletes Nominated, Star Players to Attend
- टॉयसा 2025 में सजेगा सितारों का मंच, दिग्गज और युवा खिलाड़ी होंगे एक साथ
देहरादून@ रा.वि.। टॉयसा (TOISA) का आठवां संस्करण 21 मार्च को सेंट्रम होटल, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष का आयोजन खास होने जा रहा है, जिसमें देश के दिग्गज और उभरते हुए खिलाड़ी एक ही मंच पर नजर आएंगे।
इस बार समारोह में वे महिला क्रिकेटर भी शामिल होंगी, जिन्होंने भारत को वनडे विश्व कप जिताकर देश का मान बढ़ाया। साथ ही वह कोर टीम भी मौजूद रहेगी जिसने चैंपियंस ट्रॉफी और टी-20 विश्व कप में जीत हासिल कर सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत का दबदबा कायम किया। इसके अलावा ऐसे कई एथलीट भी सम्मानित होंगे, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीते हैं।
बैडमिंटन में पुरुष वर्ग के लिए लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी, किरण जॉर्ज, चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी को नामांकित किया गया है, जबकि महिला वर्ग में तन्वी शर्मा, उन्नति हुड्डा, ट्रेसा जॉली और गायत्री गोपीचंद शामिल हैं।
क्रिकेट में पुरुष वर्ग में शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, रविंद्र जडेजा, वरुण चक्रवर्ती, केएल राहुल और कुलदीप यादव को जगह मिली है। महिला वर्ग में स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा नामांकित हैं।
हॉकी, शूटिंग और एथलेटिक्स में भी कई दिग्गज खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिनमें नीरज चोपड़ा, मनु भाकर और हरमनप्रीत सिंह जैसे नाम शामिल हैं।
वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार के लिए दिव्या देशमुख, सुरुचि इंदर सिंह, स्मृति मंधाना और सम्राट राणा को नामांकित किया गया है।
इस समारोह में कुलदीप यादव, दीप्ति शर्मा और हरमनप्रीत कौर जैसे स्टार खिलाड़ियों के साथ दिग्गज लिएंडर पेस, पीआर श्रीजेश और मिताली राज भी शिरकत करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी इस आयोजन को और खास बनाएगी।
