subodh-uniyal-hospital-inspection-improving-health-services
- दून के कोरोनेशन अस्पताल का आकस्मिक दौरा कर व्यवस्थाओं का किया गहन अवलोकन
- मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों से फीडबैक लेते हुए सुधारात्मक निर्देश किये जारी
वाचस्पति रयाल @नरेन्द्रनगर। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार अस्पतालों का निरीक्षण जारी रखा है। बृहस्पतिवार को उन्होंने कोरोनेशन अस्पताल का आकस्मिक दौरा कर व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएँ।
मंत्री ने अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता, स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकीय सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पताल प्रशासन के व्यवहार और कार्यप्रणाली के संबंध में फीडबैक लिया। प्राप्त सुझावों और अनुभवों को गंभीरता से लेते हुए, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
सुबोध उनियाल ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद करते हुए कहा कि मरीजों को संवेदनशील, तत्पर और मानवीय दृष्टिकोण के साथ सेवा प्रदान की जाए। उन्होंने अस्पताल व्यवस्थाओं को पारदर्शी और जनहितकारी बनाए रखने पर जोर दिया। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रदेश के हर नागरिक को सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। इसके लिए दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष योजनाएं भी लागू की जा रही हैं, ताकि कोई भी नागरिक स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।
