- देहरादून में खेलों का महाकुंभ: सीआईएमएस की वार्षिक प्रतियोगिता में 1500 छात्रों का जोश
- युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
देहरादून@रा.वि.। सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, देहरादून में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 के तीसरे दिन भी खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। “नशे को ना, खेल को हां” थीम के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश, उत्साह और खेल भावना के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे परिसर में खेलों का रोमांच और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।

तीसरे दिन क्रिकेट प्रतियोगिता केवल पुरुष वर्ग में आयोजित की गई, जिसमें कड़े मुकाबलों के बाद नीलकंठ हाउस और त्रिशूल हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह बना ली। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं अन्य प्रतियोगिताओं में रस्साकशी, खो-खो, 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खेल के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। छात्र-छात्राएं अपने-अपने हाउस का उत्साहवर्धन करते नजर आए, जिससे पूरे आयोजन का माहौल और भी जीवंत हो गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी देहरादून आईएएस अभिनव शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं ओहो रेडियो के संस्थापक आर.जे. काव्य और पहाड़ी स्टोर के संस्थापक रमन शैली विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। संस्थान की ओर से अतिथियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि अभिनव शाह ने प्रतियोगिता की थीम “नशे को ना, खेल को हां” की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है। ऐसे समय में खेलकूद गतिविधियां युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं।
उन्होंने संस्थान के अध्यक्ष ललित जोशी द्वारा पूरे प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना एक सराहनीय पहल है, जिससे युवाओं को सही दिशा मिलती है।
इस अवसर पर संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर संजय जोशी, प्रशासनिक डायरेक्टर केदार सिंह, उत्तराखण्ड डिफेंस एकेडमी के डायरेक्टर मेजर ललित सिंह, कर्नल जे.एस. नेगी, सीआईएमएस कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रधानाचार्या चेतना गौतम, सीआईएमएस कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल की उप-प्रधानाचार्या डॉ. प्रेरणा बड़ोनी, एनसीसी ऑफिसर डॉ. अंजना गुसाई, डॉ. प्रियंका गुसाईं, विशाखा, पंकज सजवाण, सुनील बिष्ट, डॉ. मेघा पंत, नगमा, अभिषेक राणा, सूरज राणा सहित विभिन्न शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
चार दिनों तक चलने वाली इस खेल प्रतियोगिता में बैडमिंटन, कबड्डी, शतरंज, कैरम, वॉलीबॉल, क्रिकेट समेत विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में संस्थान के लगभग 1500 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं, जिससे यह आयोजन संस्थान के सबसे बड़े वार्षिक कार्यक्रमों में से एक बन गया है।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन 12 मार्च को विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस तरह के खेल आयोजनों से न केवल छात्रों की प्रतिभा को मंच मिलता है, बल्कि उनमें टीमवर्क, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।
