- मांगती हादसे पर फूटा गुस्सा: मुआवजे को लेकर हंगामा, आखिरकार 6 लाख पर बनी सहमति
नदीम परवेज@ धारचूला, रा.वि.।
मांगती क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के बाद मृतक ऑपरेटर मनीष चुफाल के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के दौरान करीब दो घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही और मुआवजे को लेकर कंपनी प्रबंधन व परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक एक्सकैवेटर पर अचानक चट्टान दरक गई, जिससे 32 वर्षीय ऑपरेटर मनीष चुफाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद जब कंपनी द्वारा मुआवजे को लेकर स्पष्ट रुख नहीं अपनाया गया, तो परिजन आक्रोशित हो उठे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा। थाना प्रभारी हरेन्द्र नेगी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और काफी मशक्कत के बाद मामला शांत कराया।
लंबी बहस और दबाव के बाद आखिरकार कंपनी प्रबंधन ने 6 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति जताई, जिसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ सकी।
मृतक मनीष चुफाल, मुनस्यारी के तल्ला जोहार क्षेत्र के निवासी थे। वे अपने पीछे माता-पिता और एक छोटे भाई को छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि उनके विवाह की तैयारियां भी जल्द होने वाली थीं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते ऐसे हादसे बार-बार हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि निर्माण कंपनियों की सख्त निगरानी की जाए, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
लोगों का कहना है कि एक जान की कीमत महज कुछ लाख रुपये तय कर देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, वह भी जब मुआवजा देने में इतनी मशक्कत करनी पड़े, यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
