Horticulture Inspector Caught Taking ₹12,000 Bribe in Kichha, Arrested by Vigilance Team
देहरादून@Rashtriy Vichar। विजिलेंस हल्द्वानी की टीम ने गुरुवार को ऊधम सिंह नगर के किच्छा में बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
आरोपी की पहचान ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे के रूप में हुई है, जो किच्छा स्थित उद्यान सचल केंद्र में तैनात था। आरोप है कि उसने आम के पेड़ों को काटने की अनुमति देने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे, जिन्हें काटने के लिए उद्यान विभाग से अनुमति आवश्यक थी। आरोप है कि 16 पेड़ों को काटने की अनुमति देने के बदले आरोपी द्वारा 12,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर विजिलेंस हल्द्वानी में मामला दर्ज कर ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए गुरुवार को उद्यान सचल दल केंद्र, किच्छा में आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
