- जनता दरबार बना समाधान का मंच: डीएम
- बादशाही थौल़ में 29 शिकायतें दर्ज, 59 लोग योजनाओं से लाभान्वित
वाचस्पति रयाल @नरेंद्रनगर।
नगरीय क्षेत्र बादशाही थौल़ में पहली बार जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में किया गया। इस जनसंवाद शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय तथा नगर पालिका परिषद चंबा की अध्यक्ष शोभनी धनोला विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
शिविर के दौरान पूजा बडोनी ने कॉलेज रोड की बदहाल स्थिति को सुधारने की मांग उठाई, जिस पर जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने इंटरलॉक टाइल्स लगाने के निर्देश दिए। मुन्नी देवी ने अपनी कॉलोनी में क्षतिग्रस्त पुश्ते से मकानों को खतरा होने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
राजेन्द्र थपलियाल ने मार्च 2024 में लगाए गए सोलर प्लांट मीटर की गलत वायरिंग के कारण बढ़े हुए बिजली बिलों की समस्या उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को तुरंत जांच कर उचित कार्यवाही करने के आदेश दिए। वहीं पिंगलदास द्वारा दुकान आवंटन की मांग पर नगर पालिका परिधि के अंतर्गत उपयुक्त स्थान पर दुकान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
वार्ड सदस्य शक्ति जोशी ने एनएच–707ए पर नाली निर्माण एवं बंद पड़ी नालियों को खुलवाने की मांग रखी। वार्ड सदस्य मनोरमा नकोटी ने पार्किंग निर्माण की मांग की, जबकि नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों ने धर्मशाला, मंदिर निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने, वाल्मीकि चौक निर्माण तथा आवास की मांग प्रस्तुत की।
शिविर में बंदरों से निजात, विद्युत तारों व अधिक बिलों की समस्या, पेड़ों की लॉपिंग, साफ-सफाई सहित कुल 29 शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में 180 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया तथा 59 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय ने कहा कि एक ही स्थान पर दो दर्जन से अधिक विभागों की मौजूदगी से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।
जिलाधिकारी टिहरी ने सभी नगर निकायों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान नगर पालिका परिषद चंबा द्वारा पर्यावरण मित्रों को ‘स्वास्थ्य रक्षक किट’ वितरित की गई, जबकि बाल विकास विभाग द्वारा लाभार्थियों को ‘महालक्ष्मी किट’ प्रदान की गई।
कार्यक्रम में वार्ड सदस्य शक्ति जोशी, महेश पैन्यूली, विक्रम चौहान, दीपक गुनसोला, गौरव फोन्दणी, अरविन्द मखलोगा, सरोजनी गैरोला, मनोरमा नकोटी, बलवंत रावत सहित सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहुगुणा, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
