- कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन
- भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, 16 फरवरी को होगा विशाल राजभवन घेराव
देहरादून।
अखिल भारतीय कांग्रेस के आह्वान पर आगामी 16 फरवरी को प्रस्तावित विशाल ‘राजभवन घेराव’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर राजपुर रोड स्थित राजीव भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने की।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु अपने-अपने सुझाव दिए तथा तैयारियों की समीक्षा की गई।
निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस राजभवन घेराव कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, एआईसीसी व पीसीसी सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, अनुषांगिक संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी सहित राज्यभर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार की ध्वस्त कानून व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बेरोजगारी और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ राजभवन घेराव के माध्यम से जनआंदोलन खड़ा करेगी। इसी क्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी, महिला विरोधी और युवा विरोधी नीतियों से जनता त्रस्त हो चुकी है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 16 फरवरी को होने वाले राजभवन घेराव कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, दर्शन लाल, प्रीतम आर्य, प्रशान्त खंडूरी, यशपाल चौहान, सुनित सिंह राठौर, सुलेमान अली, मोहन काला, विपुल जैन, भगवती प्रसाद सेमवाल, सोहन लाल रतूड़ी, अवतार सिंह नेगी, आलोक बगवाड़ी, मोहन खत्री, सावित्री थापा, अनुराधा तिवाड़ी सहित अनेक कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
