- पुलिस व स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान चला कर घायलों को नदी से निकाला
- रात में घर मे बिना बताए घूमने को निकल गए थे दोनों युवक।
लोहाघाट@रा.वि.। पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में लोहाघाट से घाट की ओर जा रही कार रविवार देर रात एक से दो बजे के बीच घाट की पुरानी पुलिस चौकी के पास अनियंत्रित होकर लगभग 50 मीटर नीचे बह रही सरयू नदी में जा गिरी।

दुर्घटना में कार में सवार दो युवक घायल हो गए जिसमे एक की हालत गंभीर है। सोमवार सुबह 5:00 बजे दुर्घटना की जानकारी मिलते ही घाट चौकी पुलिस के साथ-साथ होटल स्वामी मदन सिंह सामंत, शिक्षक मनोज पंत तथा अन्य स्थानीय लोगों ने दुर्घटना स्थल पहुंचकर कठिन रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाल कर सड़क तक लाया गया। दुर्घटना की जानकारी न होने से घायल कई घंटे नदी किनारे पड़े रहे। वाहन सरयू नदी में डूबने से बाल बाल बचा है।
घटना की सूचना मिलने पर राजस्व उप निरीक्षक बाराकोट नीरज कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया दुर्घटना में युवराज ओली(18) पुत्र राजकिशोर ओली निवासी सुई तथा दीपेश खर्कवाल (17)पुत्र गिरीश खर्कवाल निवासी पिथौरागढ़ घायल हो गए है। उन्होंने बताया युवराज ओली को गंभीर चोटे आई है तथा दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। उप जिला चिकित्सालय में डॉक्टर मानसी और डॉक्टर बोरा के द्वारा दोनों घायलों का उपचार किया गया। डॉक्टर मानसी ने बताया दीपेश को मामूली चोटे आई हैं जबकि युवराज के सिर पर काफी गंभीर चोटे आई है। जिन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घायलों की जान बचाने में शिक्षक मनोज पंत ,होटल स्वामी मदन सामंत सीडब्ल्यूसी कर्मी राम प्रसाद, डाककर्मी मुकेश तथा घाट चौकी पुलिसकर्मी प्रकाश ने देवदूत की भूमिका निभाई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में सुई के ग्रामीण लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचे। लोगों ने कहा एक बड़ा हादसा टल गया। परिजनों के मुताबिक दोनों बच्चे देर रात बिना किसी को बताएं गाड़ी लेकर घूमने को निकल गए।
