Bareilly to Lipulekh Cycling Expedition Receives Grand Welcome in Dharchula
- बरेली से लिपुलेख साइकिल यात्रा का धारचूला में भव्य स्वागत, गूंजा देशभक्ति का जज्बा
नदीम परवेज@ धारचूला,रा.वि.। बरेली से लिपुलेख तक आयोजित साहसिक साइकिलिंग यात्रा जब धारचूला पहुंची, तो यहां कुमाऊं स्काउट और पूर्व सैनिकों ने टीम का भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया। निखिल साहब के नेतृत्व में चल रही इस यात्रा ने सीमांत क्षेत्र में देशभक्ति और साहस का अनोखा संदेश दिया।
धारचूला में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान साइकिलिंग टीम के लिए विशेष जलपान की व्यवस्था की गई। इस टीम में करीब 30 सदस्य शामिल हैं, जिनमें वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, आर्मी कैडेट्स, आरआईएमसी कैडेट्स और सेना के जवान शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों के जोश और जज्बे ने स्थानीय लोगों को भी प्रेरित किया।
कुमाऊं स्काउट के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने टीम का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया और उनके साहसिक प्रयास की सराहना की। वहीं, व्यास वैली टैक्सी ओनर्स यूनियन ने भी यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए टीम के सदस्यों को पानी और चॉकलेट वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान यूनियन अध्यक्ष पुरु नबियाल सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
साइकिलिंग टीम ने भी इस स्नेहपूर्ण स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए पूर्व सैनिकों को मोमेंटो और कैप भेंट किए तथा उनके योगदान को नमन किया। टीम के सदस्यों ने आगे की यात्रा के लिए उत्साह के साथ प्रस्थान किया और सीमांत क्षेत्रों में साहस, एकता और देशभक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प दोहराया।

