Dehradun Airport Expands Connectivity with New Flights to Kullu, Ahmedabad and Bengaluru
- देहरादून से उड़ान को नई रफ्तार: कुल्लू, अहमदाबाद और बेंगलुरु के लिए सीधी फ्लाइट शुरू
- पर्यटन और व्यापार को लगेंगे पंख
देहरादून@राष्ट्रीय विचार। उत्तराखंड में हवाई संपर्क को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए जौलीग्रांट एयरपोर्ट से तीन नई उड़ानों का संचालन शुरू होने जा रहा है। बुधवार से शुरू हो रही इन सेवाओं के जरिए अब कुल्लू-मनाली, अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों से सीधा हवाई संपर्क स्थापित होगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और आवागमन को जबरदस्त बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, कुल्लू-मनाली के लिए 48 सीटर विमान सप्ताह में सोमवार और बुधवार को उपलब्ध रहेगा। यह फ्लाइट सुबह 10:20 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी, जिससे हिमाचल के लोकप्रिय पर्यटन स्थल तक पहुंचना अब और आसान हो जाएगा। यह सेवा खासतौर पर पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
वहीं, अहमदाबाद-दिल्ली सेक्टर पर इंडिगो की 186 सीटर एयरबस प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। यह फ्लाइट अहमदाबाद से देहरादून होते हुए सुबह 11:05 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। इससे गुजरात और राजधानी दिल्ली के बीच देहरादून का कनेक्शन और मजबूत होगा।
इसके अलावा बेंगलुरु-अहमदाबाद रूट पर भी इंडिगो की फ्लाइट शुरू हो रही है। यह विमान बुधवार दोपहर 3:30 बजे बेंगलुरु से देहरादून पहुंचेगा और शाम 4:05 बजे अहमदाबाद के लिए प्रस्थान करेगा। इससे दक्षिण भारत और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन नई उड़ानों के शुरू होने से राज्य में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। साथ ही व्यापारिक संपर्क भी मजबूत होंगे, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ मिलेगा। जौलीग्रांट एयरपोर्ट धीरे-धीरे एक प्रमुख एयर कनेक्टिविटी हब के रूप में उभरता नजर आ रहा है।
