ukd-rudraprayag-meeting-2027-election-organization-expansion
- बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का अभियान तेज
- बैठक में रणनीति और संगठन पर जोर,सौंपी नई जिम्मेदारियां
- संगठन विस्तार के साथ चुनावी तैयारी शुरू
दिलबर सिंह बिष्ट@रूद्रप्रयाग।
आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने रुद्रप्रयाग जिले में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है।

रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा (सुमाड़ी) में आयोजित बैठक जिला अध्यक्ष बलवीर सिंह चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी ने इसे खासा महत्वपूर्ण बना दिया। बैठक में केंद्रीय महामंत्री देवेंद्र चमोली, केंद्रीय संगठन मंत्री विष्णु कांत शुक्ला, केंद्रीय सचिव पृथ्वी पाल रावत सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
बैठक में साफ संकेत दिए गए कि UKD अब बूथ स्तर तक संगठन विस्तार कर 2027 के चुनाव में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की रणनीति पर काम कर रही है। अनुशासन, संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर गहन चर्चा की गई।

इसी के तहत जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर पर कार्यकारिणी का विस्तार किया गया और कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
- प्रेम सिंह रावत को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया।
- अजीत सिंह को जिला महामंत्री के साथ अतिरिक्त रूप से जिला प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई।
- अन्दीप सिंह को युवा प्रकोष्ठ का जिला महामंत्री,
- दुर्गेश चंद शुक्ला को जिला सचिव,
- प्रदीप सिंह बिष्ट को जिला प्रचार मंत्री बनाया गया।
इसके अलावा दिनेश लाल, अरविंद शुक्ला, पंकज नेगी (युवा ब्लॉक अध्यक्ष अगस्त्यमुनि), रमेश चन्द्र सेमवाल (सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकोष्ठ), सुमित थपलियाल (चिकित्सा प्रकोष्ठ) और अनुराग पंवार (युवा संगठन मंत्री) सहित कई कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गईं।

बैठक में मौजूद नेताओं ने स्पष्ट किया कि UKD क्षेत्रीय मुद्दों, स्थानीय पहचान और जनभावनाओं को केंद्र में रखकर चुनावी मैदान में उतरेगी। साथ ही यह भी संकेत दिया गया कि पार्टी आने वाले समय में जनसंपर्क अभियान को तेज कर गांव-गांव तक अपनी पकड़ मजबूत करेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रुद्रप्रयाग से शुरू हुआ यह संगठन विस्तार अभियान आने वाले समय में UKD की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा साबित हो सकता है
