Traders’ Meeting in Chamba Focuses on Resolving Business Issues and Strengthening Organization
- आयोजित बैठक में संगठन ने सहयोग व जागरूकता पर जोर दिया
टिहरी गढ़वाल@ RASHTRIY VICHAR। चम्बा में उधोग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की जिला कार्य समिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों से अपने व्यापार की तरक्की के साथ संगठन की मजबूती के लिए पूर्ण सहयोग की अपील की।

इससे पूर्व संगठन के प्रदेश नेतृत्व का ढोल-नगाड़े और जयकारों के साथ स्वागत किया गया। बैठक में प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा ने व्यापारियों को जागरूक रहने, स्थानीय हितों की सुरक्षा और ऑनलाइन शॉपिंग का बहिष्कार करने पर जोर दिया। उन्होंने शासन स्तर पर अधिकारियों और व्यापारी प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक बुलाने का प्रयास करने की जानकारी भी दी।
प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश डोभाल ने संगठन के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं से रूबरू होने का महत्व बताया। बैठक में स्थानीय बाजारों में विकास कार्यों की निगरानी और सुझाव देने हेतु संबंधित विभागों में सदस्य बनाने पर भी चर्चा हुई।

संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने पुराने पर्वतीय बाजारों में जमीन के मालिकाना हक, स्थानीय इकाईयों के साथ संवाद और व्यापारिक समस्याओं के स्थायी समाधान पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष, संयुक्त महामंत्री, कोषाध्यक्ष और विभिन्न स्थानीय इकाईयों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री कर्म सिंह तोपवाल ने किया।
