Ranikhet and Almora Witness Sudden April Rain and Snow, Cold Returns
- रानीखेत और आसपास के क्षेत्रों में अप्रैल में बारिश व बर्फबारी ने बढ़ाई मुसीबत
- अचानक मौसम परिवर्तन से लोगों को दोबारा गर्म कपड़े निकालने पड़े
रानीखेत@RashtriyVichar# पर्यटक स्थल रानीखेत सहित आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। सामान्यतः होली के बाद मौसम सामान्य हो जाता है, लेकिन इस बार अप्रैल में लगातार बारिश होने के कारण क्षेत्र एक बार फिर ठंड की चपेट में आ गया है।
अल्मोड़ा जिले की सबसे ऊंची पर्वत चोटी भटकोट और पांडवखोली में इस सीजन का तीसरा हिमपात दर्ज किया गया। बारिश और बर्फबारी साथ होने के कारण बर्फ टिक नहीं पा रही है। ऊ्रंचे इलाकों में बर्फबारी से निचले क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ गई है।
नगर एवं ग्रामीण इलाकों में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश बीती रात से तेज हो गई है। लगातार वर्षा और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में सर्दी फिर लौट आई है। अचानक बढ़ी ठंड के कारण स्थानीय लोग मजबूरन दोबारा गर्म कपड़े निकालने को मजबूर हुए हैं।
मौसम में इस अचानक बदलाव का असर आम जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है। लगातार बारिश के कारण लोगों की आवाजाही कम हुई और नगर के बाजारों में सन्नाटा छा गया है। प्रशासन ने मौसम के इस बदलाव को लेकर सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की है।
