Muslims offer Alvida Juma namaz in mosques, pray for peace and harmony. Eid-ul-Fitr to be celebrated tomorrow with special prayers and community gatherings.
नीरज सती@रामनगर ,रा.वि.। पवित्र महीने रमजान के आखिरी रोजे और अलविदा जुमे पर मुस्लिम समाज ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न मस्जिदों में खास नमाज अदा की। जामा मस्जिद में शहर इमाम मुफ्ती गुलाम मुस्तफा नईमी, बड़ी मस्जिद में मुफ्ती शकील अहमद तथा मोती मस्जिद, मक्का मस्जिद, आला हजरत मस्जिद सहित अन्य मस्जिदों में उलेमा ने नमाज की इमामत की।
नमाज के बाद मुस्लिम भाइयों ने अल्लाह की बारगाह में हाथ उठाकर देश में अमन-चैन, भाईचारे और समृद्धि की दुआएं मांगीं। उलेमा ने रमजान को रहमत, बरकत और मगफिरत का महीना बताते हुए सब्र, इंसानियत, आपसी मोहब्बत और जरूरतमंदों की मदद करने का पैगाम दिया। उन्होंने कहा कि इस्लाम मोहब्बत और भाईचारे का धर्म है, इसलिए समाज में सद्भाव बनाए रखते हुए एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए।
अलविदा नमाज के बाद लोगों ने कब्रिस्तान जाकर अपने बुजुर्गों की कब्रों पर फातिहा पढ़ी और उनकी रूहों की मगफिरत की दुआएं मांगीं। शुक्रवार को रमजान के 30 रोजे पूरे होने के साथ शनिवार को ईद-उल-फित्र मनाई जाएगी। ईद की नमाज सुबह साढ़े आठ बजे मोहल्ला खताड़ी स्थित ईदगाह में मुफ्ती गुलाम मुस्तफा नईमी तथा बड़ी मस्जिद में मुफ्ती शकील अहमद के इमामत में अदा की जाएगी।
