Padma Shri Raja Laxman Singh Honored with D.Litt. for Water Conservation Work in Rajasthan
- सैकड़ों गांवों को जल संकट से उबारा, पर्यावरणविदों एवं बुद्धजीवियों ने दी शुभकामनाएं
Jaipur@Rashtriy Vichar। राजस्थान में जल संरक्षण की मिसाल बन चुके लापोड़िया के प्रख्यात पर्यावरणविद राजा लक्ष्मण सिंह को हाल ही में जी एल बी ग्लोबल यूनिवर्सिटी बीकानेर द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में डॉक्टर ऑफ लैटर्स (D.Litt.) की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया।
राजा लक्ष्मण सिंह ने अपने अभिनव जल संचय और संरक्षण मॉडल के जरिए सैकड़ों गांवों को जल संकट से राहत दिलाई है और पूरे देश में एक प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित हुए हैं। उनके इसी असाधारण योगदान के लिए भारत सरकार उन्हें पहले ही देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित कर चुकी है।
जल संरक्षण और सामाजिक सरोकारों में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें समय-समय पर विभिन्न राष्ट्रीय संस्थाओं द्वारा भी सम्मानित किया गया है। इनमें लोकनायक जयप्रकाश अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विकास केन्द्र का राष्ट्रीय जेपी अवार्ड, नव प्रभात जन सेवा संस्थान का राष्ट्र रत्न सम्मान, राष्ट्रीय पर्यावरण सुरक्षा समिति का राष्ट्र विभूषण सम्मान तथा ग्रीन इंडिया फाउंडेशन ट्रस्ट बल्लभगढ़ द्वारा सुंदरलाल बहुगुणा सम्मान प्रमुख हैं।
इस उपलब्धि पर देशभर के कई पर्यावरणविदों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। वरिष्ठ पत्रकार एवं पर्यावरणविद ज्ञानेन्द्र रावत, डॉ. जगदीश चौधरी, प्रो. डॉ. जितेन्द्र नागर, डॉ. संजय राणा, रामभरोस मीणा, संजीव यादव, अनूप दुबे और डॉ. प्रशांत सिन्हा सहित अनेक लोगों ने इसे पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत लोगों के लिए गर्व का क्षण बताया है।
