Government School Leads Innovation: Raika Tejam Starts Class 11 Before Board Results
- छात्रों का बचा कीमती समय
मुनस्यारी@ Rashtriy Vichar। विकासखंड मुनस्यारी का एक इंटर कॉलेज उत्तराखंड के अन्य विद्यालयों से अलग पहचान बना रहा है। जहां अधिकांश इंटर कॉलेज हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, वहीं राइका तेजम ने बिना परिणाम आए ही कक्षा 11 की प्रोविजनल कक्षाएं शुरू कर दी हैं। इस अनूठी पहल की हर ओर सराहना हो रही है। आम तौर पर प्राइवेट स्कूल परिणाम का इंतजार किए बिना कक्षाएं शुरू कर देते हैं, लेकिन इस बार एक सरकारी विद्यालय ने पहल करते हुए उन्हें भी पीछे छोड़ दिया है। प्रधानाचार्य सुरेश राम विश्वकर्मा ने बताया कि टीम भावना के साथ वर्ष 2025 से यह व्यवस्था लागू की गई है। इससे छात्रों का करीब डेढ़ महीने का समय व्यर्थ नहीं जाता और शिक्षक भी समय पर रचनात्मक तरीके से वार्षिक पाठ्यक्रम पूरा कर पाते हैं। उन्होंने बताया विद्यालय के शिक्षक मिलकर नवाचार की दिशा में कार्य कर रहे हैं, जिससे छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिल रहा है।
दरअसल सामुदायिक पुस्तकालय नाचनी द्वारा राइका तेजम में आयोजित कैरियर काउंसलिंग कैंप के दौरान इस नवाचार की जानकारी सामने आई। पता चला कि हाईस्कूल परीक्षा समाप्त होते ही यहां कक्षा 11 की प्रोविजनल कक्षाएं शुरू कर दी गई थीं। सामुदायिक पुस्तकालय के जनक जगत सिंह मर्तोलिया ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के शिक्षक लगातार नवाचार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन सराहनीय प्रयासों की रिपोर्ट बनाकर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी, साथ ही विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और शिक्षकों की नियुक्ति की मांग भी रखी जाएगी।
कैरियर काउंसलिंग से छात्रों को दी नई दिशा
सामुदायिक पुस्तकालय की टीम ने राइका तेजम और नाचनी क्षेत्र के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा दे चुके विद्यार्थियों के साथ विस्तृत कैरियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया। इस दौरान छात्रों को उनके भविष्य की दिशा तय करने, सही विषय चयन करने और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।काउंसलिंग सत्र में विशेषज्ञों ने छात्रों को अनुशासित जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण अत्यंत आवश्यक है। छात्रों को सलाह दी गई कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कैरियर का चुनाव करें तथा रोजाना एक निश्चित दिनचर्या बनाकर उसका पालन करें।
