Child Injured in Road Construction Accident in Pithoragarh, Administration Provides Immediate Relief
- सड़क निर्माण हादसे में घायल मासूम, डीएम के निर्देश पर मिली आर्थिक सहायता और जांच के आदेश
नदीम परवेज@धारचूला,Rashtriy Vichar। पिथौरागढ़ जनपद के जुम्मा गांव में सड़क निर्माण के दौरान हुए दर्दनाक हादसे के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को राहत प्रदान की है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से घायल बच्ची के परिवार को 10,000 की आर्थिक सहायता दी गई।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत “एलागाड़-जुम्मा मोटर मार्ग” निर्माण के दौरान जेसीबी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर दो मासूम बच्चियां घायल हो गईं। इनमें 4 वर्षीय पार्वती धामी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे परिवार में दुख का माहौल है।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों को धारचूला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर किया गया। बच्ची की हालत नाजुक होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं और संबंधित विभागों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन ने परिवार को हरसंभव मदद और बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया है।
