Matri Shakti Free Pilgrimage Yatra Flagged Off for Chandrabadani Temple from Shyampur
- महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से मजबूत हो रहा समाज: विजयलक्ष्मी पंवार
ऋषिकेश@राष्ट्रीय विचार।
गढ़ महिला उत्थान समिति द्वारा आयोजित मातृ शक्ति देवी दर्शन निशुल्क यात्रा के चतुर्थ चरण में रविवार को श्रद्धालुओं का जत्था पावन धाम मां चंद्रबदनी देवी के दर्शन के लिए ग्रामसभा श्यामपुर भल्ला फार्म से विधिवत रूप से रवाना किया गया। यात्रा का शुभारंभ ग्रामसभा श्यामपुर की प्रधान विजयलक्ष्मी पंवार एवं यात्रा संयोजक जयेंद्र रमोला ने माता का ध्वज लहराकर किया।

इस अवसर पर जयेंद्र रमोला और विजयलक्ष्मी पंवार ने कहा कि यह यात्रा केवल आस्था और श्रद्धा का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में एकता, सेवा भाव और सनातन संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और विशेष रूप से मातृशक्तियों की बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है। महिलाओं की सक्रिय भूमिका एक सशक्त और जागरूक समाज की नींव रखती है। समिति की उपाध्यक्ष संगीता राणा और सचिव कृष्णा रमोला ने कहा कि समिति भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन निरंतर करती रहेगी, ताकि हमारी परंपराएं जीवित रहें और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता रहे।
उन्होंने मां चंद्रबदनी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस मौके पर पूर्व प्रधान विजयपाल जेठुड़ी, प्रधान प्रतिनिधि दिनेश पंवार, ईशा चौहान, उमा ओबरॉय, पंचायत सदस्य आशीष पंवार, राहुल बिष्ट, विजयपाल पंवार, सनमोहन रावत एवं पंडित नवानी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
