Kishor Kelvin Dhami Appointed State Secretary of Uttarakhand Gram Pradhan Sangathan
- क्षेत्र में खुशी की लहर, पंचायतों को सशक्त बनाने का लिया संकल्प
नदीम परवेज@धारचूला,Rashtriy Vichar। सीमांत क्षेत्र धारचूला के ग्राम पंचायत खेला के ग्राम प्रधान किशोर कैल्विन धामी को ग्राम प्रधान संगठन उत्तराखंड का प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया है। उनकी इस नियुक्ति पर क्षेत्र में खुशी की लहर है और जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
किशोर कैल्विन धामी ने अपनी नियुक्ति पर संगठन की प्रदेश अध्यक्ष योगिता रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह सौन सहित प्रदेश के सभी जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और हजारों ग्राम प्रधानों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी चुनौती भी है। वे पंचायतों को सशक्त बनाने, ग्राम प्रधानों के अधिकारों की रक्षा करने और उनकी समस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
धामी ने यह भी कहा कि ग्रामीण विकास की मजबूती के लिए पंचायत स्तर पर योजनाओं का सही क्रियान्वयन बेहद जरूरी है। इसके लिए संगठन को और मजबूत बनाते हुए सभी ग्राम प्रधानों को एकजुट करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और पंचायतों की आवाज प्रदेश स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से उठेगी।
