Pithoragarh Murder Case: Neighbors Kill Man, Hide Body in Forest, 4 Arrested in 24 Hours
पिथौरागढ़। जिले के जौलजीबी क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां पड़ोस में रहने वाले लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को जंगल में छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम किमखोला निवासी कुन्दन सिंह रजवार की 22 मार्च की शाम पड़ोस में रहने वाली बसंती देवी, उसके पुत्र रमेश सिंह, जनक सिंह और प्रदीप सिंह ने लोहे की पाइप और लकड़ियों से बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से अगले दिन सुबह शव को घर से उठाकर झिपुखोला गधेरा के जंगल में ले जाकर पत्थरों और मिट्टी से दबा दिया।
23 मार्च को मृतक की पत्नी रेखा देवी की तहरीर पर कोतवाली जौलजीबी में मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से शव बरामद किया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ाते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस पूरे खुलासे में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार और उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर जोशी की अहम भूमिका रही।
