Gorkhali Sudhar Sabha Annual Meet in Raiwala, Scholarships Awarded to 19 Students
- अधिवेशन में उठे अहम मुद्दे, शिक्षा, संगठन और एकता का दिया संदेश
- 19 मेधावी छात्रों को पूर्व मंत्री अग्रवाल ने दी छात्रवृत्ति
चित्रवीर क्षेत्री@रायवाला, देहरादून।
रविवार को प्रतीतनगर रायवाला स्थित शहीद दुर्गा मल्ल सभागार में गोर्खाली सुधार सभा रायवाला शाखा का वार्षिक अधिवेशन उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लेकर संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।

अधिवेशन में विगत वर्ष की आय-व्यय रिपोर्ट और सांगठनिक गतिविधियों का विस्तृत विवरण सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। शाखाध्यक्ष टीका बहादुर थापा ने आगामी वर्ष की कार्ययोजना साझा करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रवृत्ति वितरण समारोह रहा, जिसमें क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चन्द अग्रवाल ने गोरखा समुदाय के 19 मेधावी छात्र-छात्राओं को कुल 45 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गोरखा समुदाय का इतिहास बहादुरी और गौरव से भरा रहा है, और शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
संस्था के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में गोरखा समाज की एकता अत्यंत आवश्यक है, और समाज के लोगों को संगठित होकर अपनी पहचान और अधिकारों के लिए आगे आना चाहिए।

इस दौरान केंद्रीय महामंत्री गोपाल क्षेत्री, मीडिया प्रभारी प्रभा शाह और उपाध्यक्ष पूजा सुब्बा शाही ने भी अपने विचार रखते हुए संगठन की मजबूती और समाज के विकास पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन शाखा उपाध्यक्ष विष्णु शर्मा द्वारा किया गया।
अधिवेशन में ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, गणेश रावत, ऋषिराम शर्मा, महेश मल्ल, पूर्णधोज गुरुंग, यशोदा शर्मा, दुर्गा क्षेत्री, अलका क्षेत्री, गीता थापा, सपना गोसाईं, लक्ष्मी गुरुंग, तारा प्रसाद शर्मा, देवी प्रसाद शर्मा, रमेश क्षेत्री, अरविंद क्षेत्री सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा, संगठन और सामाजिक एकता का मजबूत संदेश दिया गया, जिससे समाज के लोगों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
