Dharchula Residents Protest Proposed Liquor Shop, Warn of Intensified Agitation
- धारचूला में शराब की दुकान का जबर्दस्त विरोध
- आबकारी विभाग के कदमों के खिलाफ बड़ा जन आंदोलन
- तवाघाट संगम पर स्थानीय लोग करेंगे प्रदर्शन
नदीम परवेज@धारचूला। सीमांत क्षेत्र धारचूला में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी आशीष जोशी को ज्ञापन सौंपकर इस दुकान के खोलने के निर्णय को तुरंत निरस्त करने की मांग की है। सूचना के अनुसार, 10 अप्रैल से दुकान खोलने की पूरी तैयारी कर ली गई है, जबकि आबकारी विभाग इसे चालू करने के प्रयास में जुटा हुआ है।

विरोध तेज होने के कारण क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश वर्मा ने चेतावनी दी है, अपनी जान देंगे, लेकिन शराब की दुकान क्षेत्र में नहीं खुलने देंगे। आंदोलनकारियों ने 9 अप्रैल से तवाघाट संगम (आदि कैलाश मार्ग) में बड़ा जन आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। इसमें विभिन्न राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन शामिल होने वाले हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि धारचूला धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है और यहां शराब की दुकान खोलना जनभावनाओं के विपरीत है। प्रदर्शन के दौरान सरकार और आबकारी विभाग के खिलाफ नारेबाजी की गई। विरोध में स्याकूरी के क्षेत्र पंचायत सदस्य अन्नू कार्की, जगत राम वर्मा, राहुल कुंवर, संदीप सिंह, जीत सिंह, पवन सिंह, आदित्य कुंवर और मोहित सहित अन्य लोग शामिल हैं।

लोगों का अनुमान है कि यदि आबकारी विभाग ने विरोध के बावजूद दुकान खोलने का प्रयास किया, तो आंदोलन और अधिक उग्र रूप ले सकता है। प्रशासन ने फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए रखी है और शांतिपूर्ण समाधान खोजने की कोशिशें तेज कर दी हैं।
