Dharchula Launches Online Census 2027 Process with Digital Participation Initiative
नदीम परवेज@ Dhachula/Pithoragarh# Rashtriy Vichar। पिथौरागढ़ जनपद के धारचूला में जनगणना-2027 के तहत ऑनलाइन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इस डिजिटल पहल का शुभारंभ अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सौरभ त्रिपाठी और तहसीलदार दमन सिंह राणा के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान संवाददाता नदीम परवेज, कांग्रेस नेता रामू रोकाया, समाजसेविका शकुंतला दताल और रंग समाज अध्यक्ष प्रकाश सिंह गुंज्याल सहित प्रमुख लोगों ने स्वयं ऑनलाइन जनगणना प्रक्रिया पूरी कर इसकी शुरुआत की।
अधिशासी अधिकारी सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि नागरिकों को निर्धारित पोर्टल पर राज्य, जिला और पिन कोड दर्ज करने के बाद लोकेशन वेरिफिकेशन करना होगा। इसके बाद घर से जुड़ी विस्तृत जानकारी जैसे मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, बिजली सुविधा, शौचालय, खाना बनाने के साधन और सीवर या सेप्टिक टैंक जैसी जानकारी भरनी होगी। सभी विवरण भरने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी, जो जनगणना पूर्ण होने का प्रमाण होगी।
तहसीलदार दमन सिंह राणा ने बताया कि जिन लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया में कठिनाई हो रही है, वे तहसील सभागार में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक प्रशासन से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस डिजिटल जनगणना में सक्रिय भागीदारी करें, ताकि भविष्य की योजनाएं अधिक सटीक और प्रभावी बन सकें।
