BJP Gaining Momentum in Uttarakhand Ahead of 2027 Elections, Says Minister Subodh Uniyal
- विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले कैबिनेट मंत्री उनियाल
वाचस्पति रयाल@ नरेंद्रनगर।
प्रदेश में विकास की रफ्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के दम पर भारतीय जनता पार्टी लगातार जनता का विश्वास जीत रही है, और यही कारण है कि जनता का झुकाव तेजी से भाजपा की ओर बढ़ रहा है। आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने जा रही है।
यह बात क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य व वन मंत्री सुबोध उनियाल ने नरेंद्रनगर विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजबूत संगठन ही चुनावी जीत की सबसे बड़ी कुंजी है।
पालिका प्रेक्षागृह में आयोजित इस बैठक में नरेंद्रनगर विधानसभा के पांचों मंडलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों को लेकर रणनीति तैयार करना, बूथ स्तर की समस्याओं का समाधान करना और पार्टी की नीतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की आगामी चुनावी कार्ययोजना से अवगत कराया और संगठन को सक्रिय रखने पर जोर दिया।
इस दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने चार वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए वन, तकनीकी शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों को गिनाया। उन्होंने कहा कि हाल ही में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनका प्राथमिक लक्ष्य हर जरूरतमंद तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, खासकर सरकारी अस्पतालों में सेवाओं को मजबूत करना।
उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि विभागों में औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। जो अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी से काम कर रहे हैं, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लापरवाही करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
अंत में उन्होंने आम जनता से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और कार्यकर्ताओं से जन समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहने का आह्वान किया।
इस विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में नगर पंचायत तपोवन की अध्यक्ष विनीता बिष्ट, नगर पंचायत गजा की पूर्व अध्यक्ष मीना खाती,नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के निवर्तमान अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार,भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अक्षत भट्ट,साकेत बिजलवान, राजेश रावत, रमेश पुंडीर, अर्जुन दवांण, क्षेत्र पंचायत सदस्य सिद्धार्थ राणा, पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
